लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। प्रभा एंटरप्राइजेज द्वारा अपने क्षेत्रीय चैनल पार्टनर्स के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कंपनी, जो यूटीएल सोलर की क्षेत्रीय वितरक है, ने इस कार्यक्रम के माध्यम से न सिर्फ अपने नेटवर्क को मजबूत बनाया बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय पार्टनर्स के योगदान को भी सराहा।
कार्यक्रम का आयोजन फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित कार्यालय में किया गया, जहां बड़ी संख्या में चैनल पार्टनर्स मौजूद रहे। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सहयोगियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कारों में इलेक्ट्रिक स्कूटर और मिनी पिकअप ट्रक ‘छोटा हाथी’ शामिल रहे, जिसने उपस्थित प्रतिभागियों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया।
कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा के विस्तार में स्थानीय चैनल पार्टनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रोत्साहन कार्यक्रम न केवल उनके मनोबल को बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें बेहतर लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षमता भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में यह भी रेखांकित किया गया कि निजी क्षेत्र, विशेषकर क्षेत्रीय वितरक और उनके पार्टनर्स, राज्य में सौर ऊर्जा अपनाने की गति बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और अंतिम मील तक सुगम डिलीवरी के कारण सौर ऊर्जा समाधान अब आम उपभोक्ताओं के लिए अधिक सुलभ और प्रभावी होते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे सौर ऊर्जा इकोसिस्टम का सकारात्मक संकेत है, जहां सरकारी नीतियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी भी विकास को नई दिशा प्रदान कर रही है।
