Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: बाईपास चैड़ीकरण की जद में आ रहे व्यापारियों को महापौर ने दिया राहत दिलाने का आश्वासन! व्यापारियों का अहित नहीं होने दिया जायेगाः विकास शर्मा


रुद्रपुर । काशीपुर बाईपास (हेडगेवार मार्ग) के चैड़ीकरण की जद में आ रहे व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर विकास शर्मा से मुलाकात की और अपनी दुकानों को बचाने की गुहार लगाई। व्यापारियों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए महापौर ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी व्यापारी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि मार्ग के डिजाइन में परिवर्तन कर दुकानें बचाना संभव हुआ तो वह भी किया जाएगा और यदि दुकानें टूटती हैं, तो व्यापारियों को वैकल्पिक स्थान पर नई दुकानें बनाकर दी जाएंगी।

व्यापारियों ने महापौर को अवगत कराया कि बाईपास मार्ग के चैड़ीकरण के लिए चिन्हीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। इस मार्ग पर नगर निगम द्वारा आवंटित कई दुकानें ऐसी हैं, जिनमें व्यापारी पिछले 30 वर्षों से अपना कारोबार कर रहे हैं। वर्तमान योजना के तहत लगभग 24 दुकानों को तोड़ने की तैयारी है, जिससे इन दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने कोई अतिक्रमण नहीं किया है, बल्कि दशकों पहले नगर पालिका ने उन्हें ये दुकानें विधिवत नियमानुसार आवंटित की थीं। व्यापारियों ने महापौर से दुकानों को बचाने की गुहार लगाई।

व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए सड़क का चैड़ीकरण आवश्यक है, लेकिन व्यापारियों के कारोबार की बलि देकर विकास नहीं होगा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के हितों को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह कर चैड़ीकरण की सीमा को 75 फीट से घटाकर 60 फीट करवाया था, तब व्यापारियों ने भी इस पर सहमति जताई थी।  महापौर ने स्पष्ट किया कि डिवाइडर को थोड़ा खिसकाकर दुकानों को बचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। यदि इसके बावजूद दुकानें प्रभावित होती हैं, तो इडेन गैस एजेंसी के पास प्रस्तावित नए कॉम्प्लेक्स में इन व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व में भी उजाड़े गए व्यापारियों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट कर राहत दी गई थी और अब जल्द ही एक नया वेंडिंग जोन भी तैयार होने जा रहा है। महापौर ने कहा कि ये दुकानें केवल व्यापारियों का कारोबार नहीं, बल्कि नगर निगम की करोड़ों की संपत्ति भी हैं, जिन्हें बेकार नहीं होने दिया जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था होने तक किसी भी दुकान को नहीं तोड़ा जाएगा। महापौर के इस सकारात्मक आश्वासन के बाद व्यापारियों ने उनका आभार व्यक्त किया ।। 

इस अवसर पर, नवीन चैहान, सुभाष कालरा, पंकज वालरा, निपेंद्र वर्मा, डिंपल आहूजा, बृजेंद्र कुमार, संजीव मलिक, सविता मेहंदीरत्ता, संजय पाल, अजय श्रीवास्तव, प्रदीप पसरीचा, मनोज कुमार सलूजा, सोनू कालरा, प्रदीप सिंघल, सुरेंद्र सैनी, अंकुश सलूजा, सुदीप सिंघल आदि लोग मौजूद रहे ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |