प्रतापगढः ऊसर खाते की जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
March 19, 2026
प्रतापगढ़। ऊसर खाते की जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर लेखपाल की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम का पुलिस ने केस दर्ज किया है। जिले में लालगंज तहसील के नौढ़िया गांव में तैनात लेखपाल विनोद कुमार यादव ने संग्रामगढ़ पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पुनेहरी नौढ़िया गांव में ऊसर खाते की भूमि पर उमेश यादव पुत्र राज बहादुर व मानवेंद्र यादव पुत्र राम नारायण तथा आरती पत्नी विमलेश द्वारा ऊसर खाते की जमीन पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कार्य कर लिया गया है। लेखपाल द्वारा मनाही के बावजूद अवैध निर्माण को लेकर एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिये। लेखपाल की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने उमेश समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। तहसीलदार गरिमा वर्मा का कहना है कि क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक व नायब तहसीलदार को अवैध निर्माण को लेकर जांच सौंपी गयी है। जांच आख्या मिलने के बाद अतिक्रमण को हटवाये जाने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर अवैध अतिक्रमण को लेकर एफआईआर दर्ज होने से गांव में हडकंप का माहौल देखा गया।
.jpg)