बीसलपुर। थाना बिलसंडा क्षेत्र में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
मृतकों में सुरेंद्र कुमार उर्फ हरीश कुमार पुत्र नेमचंद्र निवासी जमुनिया ताल्लुक ईटगांव (थाना बिलसंडा) शामिल हैं। वह अपनी ससुराल गंगुआपुर गांव से होली खेलकर घर लौट रहे थे। दूसरे मृतक धनपाल पुत्र हरेंद्र निवासी बढ़ेला बड़ागांव (थाना पुवायां, जनपद शाहजहांपुर) थे। वह भी थाना बिलसंडा क्षेत्र के वकैनिया गांव स्थित अपनी ससुराल से होली मनाकर वापस घर जा रहे थे।
धनपाल की सास हीरावती पत्नी रामगुलाम ने बताया कि उनका दामाद होली खेलने आया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
सूचना पर पहुंची बिलसंडा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गांवों में शोक की लहर है और परिजन रो-रोकर बेसुध हैं।
