Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मार्च में कंपा रही दिल्ली की ठंड, बारिश ने गिराया तापमान


राजधानी दिल्ली के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। बीते कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से अचानक से दिल्ली-एनसीआर में ठंड लौट आई है। यहां सुबह-सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घरा कोहरा भी देखने को मिला। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह ठंडी हवाएं चलने के बीच न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दरअसल, दिल्ली में शुक्रवार को 7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन शनिवार सुबह बारिश नहीं हुई। शहर में इस महीने 16.2 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई, जिससे यह 2023 के बाद सबसे अधिक वर्षा वाला मार्च का महीना बन गया है। 2023 में औसत बारिश 50.4 मिलीमीटर हुई थी। पूर्वानुमान के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश होने और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर तापमान की बात करें तो सफदरजंग केंद्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6 डिग्री कम है। यह आठ मार्च 2020 के बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा जब 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। बारिश की वजह से दिल्ली के एक्यूआई में भी सुधार आया है। दिल्ली का एक्यूआई शनिवार को सुबह आठ बजे 94 दर्ज किया गया, जो कि संतोषजनक श्रेणी में आता है।

दरअसल, राजधानी दिल्ली में करीब पांच महीने बाद लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला है। इससे पहले दिल्ली में ऐसी वायु गुणवत्ता 09 अक्टूबर 2025 को दर्ज की गई थी जब एक्यूआई 99 था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार शनिवार से 23 मार्च तक वायु गुणवत्ता के 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार AQI को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |