बीसलपुर। विकासखंड बिलसंडा के ग्राम बेहटी में ग्राम प्रधान नितिन वर्मा और पंचायत सचिव प्रियांशु द्विवेदी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों में ग्राम निधि का सही उपयोग नहीं हुआ और विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये का बंदरबांट किया गया। ग्रामीणों के अनुसार गांव के प्राथमिक विद्यालय में दिव्यांगजनों के लिए शौचालय निर्माण का पूरा भुगतान निकाल लिया गया, लेकिन शौचालय अभी तक अधूरा पड़ा है। आरोप है कि कागजों में निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर भुगतान कर दिया गया और बाद में मामले की लीपापोती कर दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी ठीक नहीं है, जबकि विकास कार्यों के लिए लगातार धनराशि जारी होती रही है। लोगों का आरोप है कि प्रधान और सचिव की मिलीभगत से ग्राम निधि का गलत उपयोग किया गया।
मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। कई ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जब पंचायत सचिव प्रियांशु द्विवेदी से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात नहीं हो सकी।
.jpg)