आगरा। डॉ . भीमराव अम्बेडकर यूनिवर्सिटी में साइबर सुरक्षा (साइबरसिक्योरिटी ) के क्षेत्र में व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस, स्वामी विवेकानंद परिसर खंदारी में संपन्न हुई।
बैठक में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कानपुर के सहयोग से साइबर सुरक्षा विषय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से प्रशिक्षित करना तथा उन्हें साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर आईआईटी कानपुर से सुश्री नेहा ने संभावित सहयोग, पाठ्यक्रम की संरचना और प्रशिक्षण की रूपरेखा के संबंध में अपने विचार साझा किए।
बैठक में प्रो. संजय चैधरी, प्रो. शरद चंद्र उपाध्याय, प्रो. अनिल गुप्ता, कुलसचिव तथा इन्क्यूबेशन मैनेजर योगेश तोमर भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे जल्द शुरू करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय और आईआईटी कानपुर के सहयोग से पाठ्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देकर इसे शीघ्र लागू करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
