Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग पर्यटकों को आ रही पसंद! सेवा, सुरक्षा और संवेदना की मिसाल बन रही ताज पुलिस


आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की सुरक्षा में तैनात ताज सुरक्षा पुलिस अपनी फ्रेंडली पुलिसिंग के चलते देश-विदेश के पर्यटकों के बीच खास पहचान बना रही है। “सेवा, सुरक्षा एवं संवेदना” के सिद्धांत और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ कार्य कर रही ताज सुरक्षा पुलिस पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध करा रही है, जिससे पर्यटक काफी प्रभावित हो रहे हैं।

पर्यटकों का कहना है कि यदि देश के सभी पर्यटन स्थलों पर इसी प्रकार पुलिस फ्रेंडली होकर पर्यटकों की सहायता करे तो निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पुलिस व जनता के बीच की दूरी भी कम होगी।

सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा ताजमहल परिसर में पर्यटकों के लिए बेहतर, सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलक राम भाटी द्वारा पुलिस जवानों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, ताकि वे पर्यटकों के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए हर समय उनकी सहायता कर सकें।

ताजमहल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा खासकर विदेशी पर्यटकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिला समूहों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं के दलों का स्वागत कर उन्हें ताजमहल से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जाती है और सुरक्षित भ्रमण की व्यवस्था कराई जाती है।

पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट अभियान” और “मिशन शक्ति अभियान” के बारे में भी पर्यटकों को जागरूक किया जा रहा है। ताज सुरक्षा पुलिस की इस फ्रेंडली पुलिसिंग से स्कूली बच्चे भी काफी प्रभावित होते हैं और पर्यटकों को यहां परिवार जैसा माहौल महसूस होता है।

रविवार को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों से आए हजारों पर्यटकों और महिला पर्यटकों का ताज सुरक्षा पुलिस ने स्वागत किया और उन्हें सुरक्षित व सुखद वातावरण में ताजमहल का भ्रमण कराया।

इस दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक धीरेंद्र सिंह, आरक्षी अनुराग द्विवेदी, आरक्षी दुर्गेश कुमार तथा महिला आरक्षी अनामिका सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |