अमेठीः प्रधानाध्यापक शिव सिंह हुए सेवानिवृत्त
March 31, 2026
अमेठी। शिक्षा क्षेत्र में अपनी विनम्रता, सरलता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाने वाले शिव सिंह 32 वर्षों की लंबी सेवा के बाद 30 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त हो गए। 31 मार्च को अवकाश होने के कारण उन्होंने 30 मार्च को ही अपने पद से कार्यमुक्ति ग्रहण की।शिव सिंह ने वर्ष 1993 में प्राथमिक विद्यालय मनीपुर, गौरीगंज में सहायक अध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं। दो वर्ष बाद उनका स्थानांतरण प्राथमिक विद्यालय खरगपुर, भादर में हुआ। इसके बाद वे प्राथमिक विद्यालय रघईपुर में लगभग 12 वर्षों तक कार्यरत रहे और बच्चों के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उनकी कार्यकुशलता और लगन को देखते हुए उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय घोरहा में पदोन्नति मिली। वर्ष 2015 में वे उच्च प्राथमिक विद्यालय दहियांवा में तैनात हुए। जुलाई 2025 में उन्हें कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम में प्रधानाध्यापक के पद की जिम्मेदारी मिली, जहां से वे सेवानिवृत्त हुए।अपने सेवाकाल के दौरान शिव सिंह ने लगभग 10 वर्षों तक उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में शिक्षकों का नेतृत्व किया और संगठन को मजबूती प्रदान की।विनम्र और सरल स्वभाव के धनी शिव सिंह को भगवत भजन में विशेष रुचि है। वे अपने जीवनकाल में कई संत-महात्माओं के सानिध्य में रहे हैं तथा गया और जगन्नाथ धाम की तीर्थ यात्रा भी कर चुके हैं। उनके सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की है।
