सैदनगर। टांडा थाना क्षेत्र के सरावा गांव में दो साल के भीतर दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर गहरा दुख छा गया है। गुरुवार को एक सड़क हादसे में संविदा बिजली लाइनमैन मुस्तफा अली की जान चली गई। इससे दो साल पहले उनके भाई मुशर्रफ की भी बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई थी।
सरावा गांव निवासी मुस्तफा अली पुत्र करामत शाह बंजारिया बिजली घर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वे विभागीय कार्य से लालपुर की ओर जा रहे थे। सैदनगर चैराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मुस्तफा अली की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुस्तफा अली अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। यह परिवार के लिए दूसरा बड़ा सदमा है। दो वर्ष पूर्व मुस्तफा अली के भाई मुशर्रफ की भी बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई थी। लगातार दो भाइयों की मौत से गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस मामले में मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बिना पोस्टमार्टम के ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
