Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जगदीशपुर: डीएम ने किया शुभारंभ! डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने निकला कौशल रथ


जगदीशपुर/अमेठी। औधौगिक क्षेत्र में डिजिटल साक्षरता और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से  डिजिटल कौशल रथ का शुभारंभ किया गया। जगदीशपुर स्थित सेन्टर ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (सीटेड) परिसर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संजय चैहान ने फीता काटकर डिजिटल कौशल रथ का शुभारंभ किया और  युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर सीटेड के निदेशक इंजी. संजय सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संजय चैहान ने कहा कि आज के समय में डिजिटल साक्षरता जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवाओं को डिजिटल तकनीक और ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ा जाए, ताकि वे समय के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि डिजिटल कौशल रथ के माध्यम से छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं तथा तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी दी जाएगी। इससे लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि यह रथ केवल एक प्रशिक्षण वाहन नहीं, बल्कि डिजिटल जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक चलता-फिरता माध्यम है। इसके जरिए युवाओं को तकनीकी दक्षता से लैस किया जाएगा, जिससे वे आधुनिक युग की चुनौतियों का सामना कर सकें और देश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।सीटेड के निदेशक इंजी. संजय सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आधुनिक उपकरणों और डिजिटल सेवाओं का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जो रोजगार के अवसरों में सहायक होंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में दीपक मिश्रा, आदर्श सिंह, सुशील, डॉ. अनूप, शैलेंद्र, राकेश, विजय भान, उदयनाथ मिश्रा और अरविंद श्रीवास्तव सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |