Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः जिले में 8410 शहरी गरीबों के खातों में पहुँची पीएम आवास योजना की पहली किस्त


प्रतापगढ़। शहरी गरीबों को पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने इन्दिरा गांधी लोकभवन लखनऊ से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे रूपये 900 करोड़ की अनुदान राशि का बटन दबाकर अंतरण किया। इसी क्रम में जनपद प्रतापगढ़ के नगरीय निकायों में चयनित 8410 लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की प्रथम किस्त सफलतापूर्वक हस्तांतरित की गई। यह राशि लाभार्थियों को उनके पक्के आवास के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में किया गया जिसका अवलोकन विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ल, परियोजना अधिकारी डूडाध्एसडीएम सीमा भारती, सभासदगणों सहित प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत नगर पालिका परिषद बेल्हा के 579, नगर पंचायत अन्तू के 218, नगर पंचायत डेरवा बाजार के 72, ढकवा के 22, गड़वारा के 435, हीरागंज बाजार के 1177, कटरा गुलाब सिंह के 1113, कटरा मेंदनीगंज के 190, कोहड़ौर के 31, कुण्डा के 286, लालगंज के 766, मानधाता के 42, मानिकपुर के 551, प्रतापगढ़ सिटी के 163, पृथ्वीगंज के 445, रामगंज के 654, रानीगंज के 827 व सुवंशा नगर पंचायत के 839 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किस्त की धनराशि सीधे खाते में अन्तरित की गयी। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में निवास करने वाले पात्र लाभार्थियों को सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रथम किस्त की धनराशि का मुख्यमंत्री द्वारा अन्तरित की गयी है, सभी लाभार्थी अपने मकान को अच्छे से बनवाये। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में समाज के निचले पायदान पर जीवन यापन करने वाले लोगों को पक्के आवास का लाभ मिल रहा है। सरकार गरीबों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी जाति-धर्म के लोगों तक पहुँच रहा है।

विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि  प्रधानमंत्री जी का यह सपना रहा है कि देश का कोई भी गरीब परिवार बिना पक्की छत के न रहे और आज यह सपना तेजी से साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचे और कोई भी जरूरतमंद योजनाओं से वंचित न रहे। माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। 

इसी प्रकार भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक गरीब व्यक्ति का सपना होता है पक्का घर और उस सपने को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी ने किया है। परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश में प्रतापगढ़ जनपद दूसरे स्थान पर है, जहां 8410 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला है।

इस अवसर पर शहर मिशन प्रबन्धक आनन्द प्रकाश मौर्य, सीएलटीसी अविनाश मौर्य सहित डूडा विभाग जितेन्द्र यादव, मनोज यादव व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस व धर्मेन्द्र ओझा द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |