लखनऊ । लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के ग्राम ललई खेड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मृतक बच्ची के पिता दिनेश निवासी ग्राम ललई खेड़ा के अनुसार उनकी पत्नी राधा 15 तारीख की शाम करीब 6 बजे अपनी 5 वर्षीय बेटी अंकिता व दो अन्य बेटियों को साथ लेकर खेत से घर लौट रही थीं। जैसे ही वे गांव में स्थित ब्रह्मदेव स्थान के पास पहुंचीं, सामने से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट बाइक ने अनियंत्रित होकर उल्टी दिशा में आकर बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्ची कुछ दूरी तक बाइक में फंसी रही परन्तु युवक ने बाइक नहीं रोकी बल्कि दो बार पैर मार कर बच्ची की गिराया , और बाइक सवार वहां से फरार हो गया जब राहगीरों ने बच्ची को देखा तो बच्ची को मृत्यु हो चुकी थी ,
परिजनों के मुताबिक, आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक नशे में था और उल्टी दिशा में आकर बच्ची को टक्कर मारी है जिसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत क्षेत्रीय थाने में दी और पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक को पुलिस ने पकड़कर छोड़ दिया है, जिससे परिवार में नाराजगी और बढ़ गई है।
परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, क्योंकि हादसे के समय बाइक सवार युवक ने हेलमेट पहन रखा था। ऐसे में उन्हें संदेह है कि सही व्यक्ति की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही है। पीड़ित परिवार ने माल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रहीं है , पुलिस बात करने को भी तैयार नहीं है ।
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की सही पहचान की जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मृतक बच्ची के परिवार को न्याय मिल सके।
.jpg)