लखनऊ। नवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार सुबह 07रू00 बजे नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न जोनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के प्रमुख चैराहों, मंदिरों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 स्थित बर्लिंग्टन चैराहे से की गई, जहां महापौर ने विशेष सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य मार्गों की नियमित साफ-सफाई, सुबह के समय कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के समय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शहर स्वच्छ व व्यवस्थित दिखाई देना चाहिए।
इसके पश्चात जोन-8 के बारा बिरवा स्थित ज्वाला जी मंदिर के बाहर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। महापौर ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोनल अधिकारी विकास सिंह तथा जोनल सेनेटरी ऑफिसर जितेंद्र गांधी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में बंगला बाजार स्थित चंद्रिका देवी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने मंदिर में पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं पुजारियों से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान भद्रुक क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई और रोड स्वीपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।इसके अलावा त्यागी विहार से गुजर रहे नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि एलडीए के अंतर्गत आने वाले इस नाले की निकासी व्यवस्था एवं ढलान को ठीक कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे जल निकासी सुचारु रूप से हो सके। साथ ही बंगला बाजार चैराहे के निकट स्थित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए गए।
