रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने उन्हें पुनः सेवा का अवसर दिया और सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन हुआ। समिट में 3.76 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1750 हो गई है। साथ ही 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है, जिसके तहत 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों में बड़े आरोपियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘संकल्प से सिद्धि, विकसित उत्तराखंड’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को सहायता वितरित की गई, जिसमें स्वयं सहायता समूहों को अनुदान, किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1530 लोगों ने लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित ।
