लखनऊ। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-4 में सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1090 चैराहे से लोहिया पार्क, लोहिया अस्पताल से विजयीपुर अंडरपास तथा चिनहट तिराहा से कमता चैराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल-296 और कर अधीक्षक बनारसी दास की देखरेख में अवरोधक सामग्री हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया। मौके से 2 ठेले, 2 लोहे के काउंटर और 5 लकड़ी की बेंच जब्त की गईं।
वहीं, जोन-7 में भी जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नालियों, नालों और सड़कों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। मालविय चैराहा और मटियारी चैराहा के आसपास अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 2 लोहे के काउंटर, 1 ड्रम और 1 कुर्सी जब्त की गई। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और प्रवर्तन दल-296 की सक्रिय भागीदारी रही।
