सोनभद्र।चोपन थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।हाईडील कॉलोनी में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।एक हंसते-खेलते परिवार में अचानक मातम पसर गया है और हर किसी के मन में यही सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक युवा जिंदगी ने इस तरह खामोशी ओढ़ ली।युवक की मौत ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना चोपन थाना क्षेत्र के हाईडील कॉलोनी की है, जहां 28 वर्षीय अजीत चौधरी पुत्र फूलचंद चौधरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बदहवास हालत में युवक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।यह सुनते ही परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई, हर कोई इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया।परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे और हर कोई यही जानना चाहता था कि आखिर इस युवक ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया।परिवार के लिए यह घटना किसी पहेली से कम नहीं है, क्योंकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर किन परिस्थितियों ने अजीत चौधरी को इस कदर मजबूर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए घटना के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस रहस्य से पर्दा उठ सके। फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा फैला दिया है।एक जवान बेटे की असमय मौत ने परिवार को अंदर तक तोड़ दिया है और पीछे छोड़ दिया है अनगिनत सवाल, जिनका जवाब अभी तक किसी के पास नहीं है।यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर किन हालातों में एक 28 साल का युवक जिंदगी से हार मान लेता है।
