Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 308 जोड़ों का हुआ विवाह


अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद अमेठी में बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज के पीछे स्थित मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के  सभी 13 विकासखंडों व चारों निकायों से आए कुल 308 जोड़ों का विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा. राज्यमंत्री (संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ-शिशु कल्याण विभाग) श्री मयंकेश्वर शरण सिंह रहे। उनके साथ जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, ब्लाक प्रमुख शाहगढ़ सदाशिव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र, उपहार सामग्री प्रदान कर शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। कार्यक्रम में वर-वधू को दी जाने वाली सभी सामग्रियां गुणवत्तापूर्ण हैं। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इससे भी अधिक संख्या में पात्र जोड़ों का विवाह इस योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समय पर पहुंचे। सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानजनक तरीके से विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को उज्ज्वल भविष्य और सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। जिला समाज कल्याण अधिकारी शेर बहादुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 13 विकासखंडों से कुल 308 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, सभी विवाह संबंधित धर्मों की परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए गए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति युगल कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री जैसे पांच साड़ियां, ब्राइडल लहंगा, चांदी की पायल और बिछिया, डिनर सेट, कुकर, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, आयरन, गद्दा-तकिया आदि वर-वधू को दिए जाते हैं। इसके अलावा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |