संग्रामपुर: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, कई पर गिरी गाज
March 11, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और सरकारी पोर्टल पर डेटा फीडिंग में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के बाद अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने दो एएनएम का एक सप्ताह का वेतन रोकने का आदेश दिया है, जबकि सात अन्य एएनएम को कारण बताओ नोटिस (स्पष्टीकरण) जारी किया गया है। यह सख्त कदम निर्धारित लक्ष्यों को पूरा न करने और कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर उठाया गया ळें समीक्षा बैठक में पाया गया कि उपकेंद्र गोरखापुर की एएनएम सुमन वर्मा और उपकेंद्र धौरहरा की एएनएम नंदिनी द्वारा एनसीडी स्क्रीनिंग और आभा कार्ड फीडिंग का कार्य लक्ष्य के सापेक्ष पूरा नहीं किया गया था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए अधीक्षक ने मार्च 2026 के एक सप्ताह का वेतन बाधित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। बैठक के दौरान उपकेंद्र बड़गांव, भौसिंहपुर, धौरहरा, गोरखापुर, मिश्रौली, ठेंगहा और उत्तरगांव की एएनएम के कार्यों की भी गहन जांच की गई। इन उपकेंद्रों पर ई-कवच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग व फीडिंग का कार्य अधूरा पाया गया। अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने इन सभी एएनएम को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है और 20 मार्च तक हर हाल में डेटा अपलोड करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बैठक में बीपीएम शंभूनाथ पांडेय सहित क्षेत्र की सभी एएनएम मौजूद रहीं। अधीक्षक ने चेतावनी दी कि भविष्य में कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही मिलने पर और भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
