पीलीभीत। जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही मजदूरों से भरी एक निजी डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में बस में सवार 26 लोग घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार एक निजी बस दिल्ली से करीब 50 मजदूरों को लेकर लखीमपुर खीरी की ओर जा रही थी। सोमवार तड़के लगभग तीन बजे जब बस गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम कैंच के पास नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस पलटने के कारण कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन मंगवाकर बस को सीधा कराया और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक नियंत्रण बिगड़ने के बाद बस पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्रेन की सहायता से बस को हटवाकर मार्ग को दोबारा सुचारू कराया।घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने घायलों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी दीपक चतुर्वेदी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
“हादसे में 26 लोग घायल होकर जिला अस्पताल लाए गए हैं, जिनमें से छह को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।”
डॉ. आलोक शर्मा-मुख्य चिकित्सा अधिकारी
