गौरीगंजः 24 घंटे के भीतर हत्या का पर्दाफाश ! शक बनी मौत की वजह! पत्नी का कातिल निकला पति
March 17, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जनपद की गौरीगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने मात्र 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शक और अवैध संबंधों की आग में जल रहे पति ने ही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (लकड़ी का डंडा) और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पूरा मामला थाना गौरीगंज के पूरे डींगुर मजरे सराय हृदयशाह का है। बीते 15 मार्च की शाम करीब 8 बजे 27 वर्षीय रेखा पुत्री सोमई, जो होली पर अपने मायके आई थी, शौच के लिए निकली थी। जब वह वापस नहीं लौटी, तो खोजबीन के दौरान उसका शव गांव के बाहर एक गेहूं के खेत में मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अमेठी, श्री सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने साक्ष्य संकलन के दौरान एक चैंकाने वाला सुराग पाया। हत्या की रात भागते समय अभियुक्त की मोटरसाइकिल का ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चालान किया गया था, जो इस केस को सुलझाने में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज ने हत्यारोपी पति मंशाराम निवासी दिछौली थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह किसी अन्य लड़की से बात करता था, जिसका रेखा विरोध करती थी, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का भी अन्य लोगों से संबंध है, उसने होली के दिन ही रेखा को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली थी। आरोपी ने बताया कि 15 मार्च की रात उसने रेखा को फोन कर बहाने से खेत में बुलाया। वहां विवाद के दौरान उसने मोटे डंडे से रेखा के सिर पर 4-5 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पकड़े जाने के डर से उसने मृतका का मोबाइल और सिम जलते हुए भट्ठे में फेंक दिया था। गौरीगंज पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
