Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

संग्रामपुरः पशुपालन विभाग का प्रशिक्षण शिविर संपन्न


संग्रामपुर/अमेठी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुपालन को वैज्ञानिक पद्धतियों से जोड़ने के लिए पशुपालन विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को जनपद के विकास खंड भेटुआ के सभागार में प्रशिक्षण एवं प्रसार योजनान्तर्गत पशुपालकों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य ध्येय क्षेत्र के पशुपालकों को आधुनिक तकनीक, पशु प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि अब पारंपरिक पशुपालन के स्थान पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना समय की मांग है। उन्होंने पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, समयबद्ध टीकाकरण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के गुर सिखाए। उन्होंने जोर दिया कि उचित देखभाल से न केवल पशुओं की उम्र बढ़ती है, बल्कि वे आर्थिक रूप से अधिक लाभकारी सिद्ध होते हैं। पशुधन प्रसार अधिकारी एस.के. सिंह ने विभागीय योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने पशुपालकों को विभाग द्वारा दी जा रही सब्सिडी और अन्य सुविधाओं की जानकारी देते हुए प्रेरित किया कि वे योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें।इस अवसर पर प्रधान संघ भेटुआ के अध्यक्ष गोकुल प्रसाद और ग्राम प्रधान कमल यादव सहित कई सम्मानित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विभागीय स्तर पर पशु मित्र और पैरा वेट कर्मियों में देवनाथ सिंह, राम मिलन मौर्या, प्रेमचंद्र शुक्ला, राहुल कश्यप, अंकित, बाल कृष्ण, देव प्रकाश सिंह, अनुराग और दिनेश कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |