बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के आदेश पर 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए मंगलवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय बलिया में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार गोंड ने की। बैठक में लंबित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सचिव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विशेष रूप से विद्युत अधिनियम से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाएं। अधिकारियों ने बताया कि आगामी लोक अदालत में निस्तारण के लिए करीब 20 हजार वाद चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें सुलह-समझौते के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही अन्य विभागों को भी अपने-अपने लंबित मामलों को लोक अदालत के माध्यम से सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराने और लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम ऋषिकेश सिंह यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय रामपाल सिंह यादव, एसडीओ सहतवार मनोज कुमार, एआरटीओ अरुण कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार तथा नगर पालिका परिषद बलिया के टीएस ए.एम. आब्दी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)