अमेठी: 11 मार्च को 308 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा! राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गौरीगंज के पीछे मैदान में होगा भव्य आयोजन
March 01, 2026
अमेठी। जिला समाज कल्याण अधिकारी शेर बहादुर ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद अमेठी में 11 मार्च 2026 को भव्य एवं विशाल सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गौरीगंज के पीछे स्थित मैदान (निकट विकास भवन, गौरीगंज) में सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि जनपद को आवंटित लक्ष्य के अनुसार कुल 308 जोड़े पूर्ण विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पात्र जोड़े प्रतिभाग करेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि 11 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले इस समारोह हेतु निर्धारित स्थल पर प्रातः 07 बजे से आवेदित पात्र जोड़ों का बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। सभी पात्र जोड़ों से अपील की गई है कि वे समय से उपस्थित होकर बायोमैट्रिक प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि कार्यक्रम सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।
