गौरीगंज: 1000 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण! गांधी-नेहरू परिवार की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते सांसद के0एल0 शर्मा
March 20, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जनप्रिय सांसद किशोरी लाल शर्मा की पहल पर आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग सहायतार्थ शिविर (18, 19, 20 मार्च 2026) ने अमेठी में जनसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस व्यापक अभियान के तहत अमेठी संसदीय क्षेत्र के लगभग 1000 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (कान मशीन), बैसाखी, छड़ी एवं कृत्रिम हाथ-पैर प्रमुख रूप से शामिल रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके जीवन को सरल, सम्मानजनक एवं सशक्त बनाना रहा। तीनों दिनों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा गहन परीक्षण के बाद लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई आशा का संचार हुआ। बड़ी संख्या में लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने इस मानवीय प्रयास के लिए सांसद जी के प्रति आभार व्यक्त किया। शिव महेश शैक्षिक संस्थान, गौरीगंज के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में अमेठी कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंघल सहित जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भागीदारी निभाई। वहीं, सांसद जी की धर्मपत्नी श्रीमती किरन बाला शर्मा भी तीनों दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं और दिव्यांगजनों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया, जिससे आयोजन को और अधिक मानवीय स्पर्श मिला।समापन अवसर पर सांसद श्री शर्मा ने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि शुद्ध जनसेवा की भावना से प्रेरित है। उन्होंने गांधी-नेहरू परिवार की सेवा, त्याग और मानवता की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अमेठी में निरंतर जनकल्याण के कार्य करते रहेंगे।अमेठी में आयोजित यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसने जनसेवा के मानकों को नई ऊंचाई प्रदान की है।
