Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हल्के में मत लेना! T20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमें दिखा रही दम


एक समय था जब स्कॉटलैंड, नीदरलैंड, ओमान, नेपाल और UAE जैसी टीमें वर्ल्ड कप में खानापूर्ति करने के लिए शिरकत करती थी, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल बदल चुके हैं। T20 वर्ल्ड कप के 20 टीमों तक विस्तार ने एसोसिएट देशों को अपनी काबिलियत दिखाने का पूरा मौका दिया है और वे लगातार फुल मेंबर टीमों को कड़ी टक्कर दे रही हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों ने ही दिखा दिया है कि T20 फॉर्मेट में फुल मेंबर और एसोसिएट टीमों के बीच की खाई तेजी से कम हो रही है। नीदरलैंड, USA और नेपाल जैसी टीमों ने साबित कर दिया कि अब उन्हें हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

नीदरलैंड के खिलाफ पहले मैच में पाकिस्तान लगभग हार की दहलीज पर पहुंच गया था। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को आखिरी दो ओवर में 29 रन चाहिए थे। 19वें ओवर की पहली गेंद पर मैक्स ओ’डॉड ने फहीम अशरफ का कैच छोड़ दिया, जिसने मैच का रुख बदल दिया। फहीम ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और पाकिस्तान को रोमांचक जीत दिलाई। एक पल के लिए लगा कि नीदरलैंड जीत जाएगा, लेकिन T20 क्रिकेट में छोटे अंतर ही बड़े नतीजे तय करते हैं और अंत में ऐसा ही हुआ। नीदरलैंड भले ही कांटे के मुकाबले में मामूली अंतर से हार गया, लेकिन ग्रुप-ए की बाकी टीमों को कड़ा संदेश दे दिया। यही नहीं, नीदरलैंड की टीम 10 फरवरी को अपने दूसरे मैच में नामीबिया को 7 विकेट से धूल चटाने में भी सफल रही।

वानखेड़े स्टेडियम में USA ने भारत को बड़े उलटफेर के मुहाने तक पहुंचा दिया था। भारतीय टीम 76 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी ने मैच का रुख बदल दिया। USA ने पूरे 20 ओवर खेलते हुए 132 रन बनाए, जिससे साफ हो गया कि अगर सूर्या की वह पारी नहीं होती तो भारत 140 से पहले ही सिमट सकता था।

नेपाल ने भी अपने पहले मैच में इंग्लैंड को सबसे बड़ा झटका देने की कोशिश की। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में सिर्फ 10 रन चाहिए थे, लेकिन सैम करन की बेहतरीन यॉर्कर गेंदों ने नेपाल से जीत छीन ली। इंग्लैंड किसी तरह बच तो गया, लेकिन नेपाल ने सभी टीमों को सावधान कर दिया। वर्ल्ड कप अभी शुरू ही हुआ है और एसोसिएट टीमें साफ कर चुकी हैं कि उन्हें हल्के में मत लेना। जिस तेजी से इन टीमों का लेवल ऊपर आया है, आने वाले समय में उनकी जीत से किसी को भी हैरानी नहीं होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |