Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकी: फाल्गुनी मेले की तैयारी का डीएम-एसपी ने किया गहन निरीक्षण


रामनगर/बाराबंकी। आस्था, परंपरा और विश्वास के संगम माने जाने वाले सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित फाल्गुनी मेला को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत महादेवा ऑडिटोरियम परिसर से हुई, जहां जिलाधिकारी ने शौचालयों और पेयजल की व्यवस्थाओं को देखा और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। इसके पश्चात प्रशासनिक टीम बोहनिया तालाब पहुंची, जहां कांवड़िये स्नान करते हैं। यहां जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि हर भक्त निर्भय होकर भोलेनाथ की आराधना कर सके।जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग व्यवस्था, रैन बसेरा और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। जहां प्रकाश की कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव का विधिवत जलाभिषेक कर दर्शन किए। पीछे की गली से होते हुए शिव अभरण सरोवर का निरीक्षण कर वहां की स्वच्छता पर संतोष व्यक्त किया।मेला क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालय, पंचायत घर और जिला पंचायत द्वारा निर्मित परिसरों का भी अवलोकन किया। दुकानों के सामने कीचड़ मिलने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी सूरतगंज देवेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल मिट्टी डालकर मार्ग समतल कराने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राय को मंदिर के सामने डामर रोड का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए, जिस पर संबंधित अधिकारी ने उसी रात कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि फाल्गुनी मेले में पिछली बार की तुलना में इस बार व्यवस्थाएं कहीं बेहतर हैं। सभी विभाग पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य कर रहे हैं और किसी प्रकार की बड़ी कमी सामने नहीं आई है। संजय सेतु के बंद होने के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र भेज दिया गया है तथा 15 फरवरी के बाद मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, परियोजना निदेशक राकेश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नितेश भोंडले, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, अतिरिक्त विकास अधिकारी चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, डॉ. राजर्षि त्रिपाठी, डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव, थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे, चैकी प्रभारी अभिनंदन पांडे, तहसीलदार विपुल सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, इंजीनियर अरुण व्यास, डॉक्टर दलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आस्था के इस महापर्व में प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता श्रद्धालुओं के लिए भरोसे का संदेश दे रही है, जिससे लोधेश्वर महादेव धाम में हर भक्त सुकून और श्रद्धा के साथ भोलेनाथ के दर्शन कर सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |