Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः जाम के झाम से जनता परेशान, पुलिस ने संभाली कमान


अमेठी। कस्बे में सहालग के चलते भीषण जाम, पुलिस ने संभाली कमान,स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के चलते ओवर ब्रिज पर अवैध स्टैंड बना वजह। अमेठी कस्बे में रविवार की शाम करीब सात बजे सहालग के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गांधी चैक, ककवा रोड, प्रतापगढ़ मार्ग और बस स्टॉप की ओर जाने वाली सड़कों पर अचानक भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात ऐसे रहे कि दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे। जाम की चपेट में पैदल राहगीर और साइकिल सवार भी आ गए, जिन्हें निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे व्यस्त गांधी चैक पर स्थिति और भी गंभीर हो गई, जहां रोडवेज बस तक जाम में फंस गई। जाम लगने से आमजन में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारू कराने के लिए कड़ी मशक्कत करते नजर आए। पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों को नियंत्रित कर जाम से राहत दिलाने का प्रयास किया। गौरतलब है कि अमेठी कस्बे में ओवरब्रिज के निर्माण के बावजूद जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। नियमों के अनुसार ओवरब्रिज पर वाहनों को खड़ा करना पूरी तरह अवैध है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की उदासीनता के चलते यहां आए दिन वाहन खड़े दिखाई दे जाते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व  ओवरब्रिज पर अवैध रूप से खड़े ई-रिक्शों द्वारा सवारियां बैठाने और वाहनों की पार्किंग को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण अवैध गतिविधियां अब तक जारी हैं। वहीं गांधी चैक पर लगे जाम के संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि सहालग के मौसम में वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि जाम से निपटने के लिए पुलिसकर्मी गांधी चैक पर मुस्तैदी से तैनात हैं और यातायात को सामान्य बनाए रखने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |