अमेठीः शिक्षा विभाग का सच उजागर! प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से धुलवाए बर्तन
February 20, 2026
अमेठी।जिले के परसौली स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन के बाद बच्चों से बर्तन धुलवाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से जुड़ा वीडियो व फोटो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में भोजन वितरण के बाद छोटे-छोटे बच्चों से ही थाली और बर्तन साफ कराए गए। अभिभावकों का आरोप है कि यह न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि बच्चों की गरिमा और सुरक्षा से भी जुड़ा मामला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा देने और उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए, न कि उनसे इस प्रकार के कार्य कराए जाएं। वहीं, शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने कहा है कि यदि जांच में बच्चों से बर्तन धुलवाने की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण प्रभावित न हो।
