अमेठीः बस अड्डा पर लगा रहता है जाम, यात्री परेशान
February 20, 2026
अमेठी। नगर के बस अड्डा क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्था के चलते यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। बसों के आवागमन मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलें और लगी फल-फूल की अस्थायी दुकानें जाम का कारण बन रही हैं। इससे यात्रियों व वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बस अड्डे के आसपास मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। कई बार बसें निर्धारित समय पर नहीं निकल पातीं, जिससे यात्रियों को देर तक इंतजार करना पड़ता है। नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत अमेठी की ओर से अतिक्रमण हटाने को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। परिणामस्वरूप समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। यात्रियों ने बताया कि बस पकड़ने के लिए समय से पहुंचने के बावजूद जाम में फंसने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बस अड्डे के आसपास से अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
