Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

शुकुलबाजार: बीमा भुगतान अटका, केवाईसी लंबित! बैंक की कार्य प्रणाली पर उठे सवाल


शुकुलबाजार/अमेठी। कस्बा स्थित बैंक आफ बडौदा शाखा में बीमा क्लेम और केवाईसी संबंधी कार्यों में देरी को लेकर खाताधारकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने बैंक कर्मचारियों पर काम में ढिलाई बरतने और बार-बार चक्कर लगवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर समाधान कराने की मांग की है। अरुण कुमार निवासी उरेरमऊ मे शाखा प्रबंधक व  कैशियर प्रदीप पर अभद्रता का आरोप लगाया। पाली गांव की उर्मिला, पत्नी धर्मराज, ने बताया कि उनके पुत्र अमरीश की मृत्यु के बाद भी उनके खाते से बीमा प्रीमियम कटता रहा। उन्होंने दावा प्रस्तुत किया, लेकिन अब तक बीमा राशि नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि बैंक जाने पर हर बार नई प्रक्रिया बताकर उन्हें लौटाया जा रहा है। नीमपुर गांव के साहब लाल ने भी इसी तरह की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी शिवकुमारी की मृत्यु तीन महीने पहले हो चुकी है, परंतु बीमा क्लेम देने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा हर बार अलग-अलग कागजात बताकर प्रक्रिया को लंबित रखा जा रहा है। पूरे रामदीन गांव के कपिल कुमार, नरेश और महेश का कहना है कि कई महीनों से उनका केवाईसी और आधार अपडेट नहीं हो पाया है। दस्तावेज जमा करने के बाद भी कार्यवाही न होने से वे अपने खातों का नियमित उपयोग नहीं कर पा रहे। पूरे मत्तेपुरियन गांव की तबस्सुम बानो ने भी केवाईसी अपडेट न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पारिवारिक परेशानी के बीच बार-बार बैंक जाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शाखा में कार्यों की धीमी गति से सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायतों की जानकारी मिली है। संबंधित मामलों की जांच कराई जा रही है और लंबित क्लेम व केवाईसी कार्य शीघ्र निस्तारित कराने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |