संग्रामपुर: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस! बच्चों को मिला सुरक्षा कवच
February 10, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। कंपोजिट विद्यालय नौगिरवा में कल राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के पावन अवसर पर स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के साझा प्रयासों से एक महत्वपूर्ण अभियान संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के छात्र-छात्राओं को कृमिनाशक औषधि एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई, जिसका उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाना और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को सुदृढ़ करना है। स्वास्थ्य सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन करते हुए, आशा बहू श्रीमती आशा सिंह ने अपनी देखरेख में प्रत्येक छात्र को दवा का सेवन कराया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेटुआ के चिकित्साधिकारी डॉ. अभिमन्यु वर्मा एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र पाण्डेय ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। चिकित्साधिकारी डॉ. वर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कृमि संक्रमण न केवल बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को क्षीण करता है, बल्कि उनकी शैक्षणिक एकाग्रता को भी प्रभावित करता है। एल्बेंडाजोल की यह एक खुराक स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र की पहली सीढ़ी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजाराम यादव ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वस्थ भारत की दिशा में एक अनिवार्य कदम बताया। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक गिरीश चंद्र पाण्डेय एवं विद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ने जानकारी दी कि जो बच्चे आज किसी कारणवश दवा का सेवन नहीं कर पाए हैं, उन्हें विभाग द्वारा निर्धारित मॉप-अप दिवस पर यह खुराक उपलब्ध कराई जाएगी।
