तिलोईः एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई! घूसखोर दारोगा गिरफ्तार
February 10, 2026
तिलोई/अमेठी। जनपद में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। एंटी करप्शन टीम ने इन्हौना थाने में तैनात उप-निरीक्षक राजेश पाल को रिश्वत लेने के गंभीर आरोप में एक ढाबे से हिरासत में लिया है। टीम की इस आकस्मिक दबिश से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मंगलवार को इन्हौना थाने में तैनात एक दरोगा पर एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।एंटी करप्शन टीम इन्हौना कस्बे के एक होटल में घेराबंदी कर इन्हौना थाने के दरोगा राजेश पाल को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक दरोगा राजेश पाल पर एक मुकदमे की विवेचना के नाम पर पीड़ित से 50 हजार रूपए की रिश्वत मांगने का आरोप था।जिसकी शिकायत पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से किया था।शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने दरोगा को रंगे हाथ पकड़ने का जाल बिछाया था। तय योजना के तहत ही पीड़ित के द्वारा दरोगा को होटल में बुलाया गया था। जहां पर पीड़ित के हाथों दरोगा को रिश्वत की रकम दी गई और जैसे ही दरोगा राजेश पाल ने पीड़ित के हाथ से रूपए लिए वैसे ही वहां पर पहले से जाल बिछाए बैठी एंटी करप्शन की टीम ने दरोगा को रंगे हाथ धर दबोचा। उक्त कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ लेकर चली गई। थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह के अनुसार एंटी करप्शन की टीम उपनिरीक्षक को हिरासत में लिया है।पैसे लेने के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।बहरहाल खबर लिखे जाने तक इस पूरे मामले में एंटी करप्शन टीम की तरफ से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
