बाराबंकीः नहर में मिला चार दिनों से लापता वृद्धा का शव! इलाके में मचा हड़कंप
February 06, 2026
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी। चार दिनों से लापता एक वृद्ध महिला का शव शुक्रवार सुबह शारदा सहायक नहर के कसरैला झाल में उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना बदोसरांय पुलिस को दी गई।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई। पहचान होने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।मृतका की पहचान कोतवाली बदोसरांय क्षेत्र के ग्राम चमारनपुरवा मजरे भवानीपुर ददरौली निवासी 75 वर्षीय कल्पवती पत्नी स्वर्गीय कल्लू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कल्पवती 2 जनवरी को दिन में करीब एक बजे दवा लेने के बहाने घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा दो दिनों तक संभावित स्थानों पर तलाश की गई, पर कोई सुराग नहीं मिल सका। अंततः 4 फरवरी को बदोसरांय थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।शुक्रवार सुबह नहर में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां उन्होंने शव की पहचान की। मृतका के पुत्र राजेश कुमार, राकेश कुमार और मुकेश कुमार ने बताया कि मां के लापता होने के बाद से लगातार उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बदोसरांय अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि महिला की पहचान हो चुकी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
