अमेठीः डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई आयोजित
February 06, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, राष्ट्रीय क्रीमि मुक्ति कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय क्रीमि मुक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ 10 फरवरी से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, शत-प्रतिशत कवरेज एवं सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों की पहचान, उपचार, फॉलोअप एवं पोषण सहायता की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड, टीबी एवं कैंसर रोगियों के चिन्हीकरण हेतु एक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगे तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अभियान को गंभीरता से संचालित करने एवं अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, डीआईओएस, बीएसए, डीपीओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।