अमेठीः एक्शन मोड में नए पुलिस के कप्तान! कार्यभार संभालते ही अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
February 06, 2026
अमेठी। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवागत पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी ने आज विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए जिले के अपराधियों और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश दिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सर्वानन टी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। अपराधियों और माफियाओं पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थानों में जनसुनवाई को प्रभावी बनाया जाएगा ताकि फरियादियों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए गश्त और तकनीकी निगरानी (सीसीटीवी आदि) को बढ़ावा दिया जाएगा।अपराध नियंत्रण के लिए जल्द ही जिले में नए और कड़े सुरक्षा मानक लागू किए जाएंगे। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का संकल्प पीड़ित को न्याय और अपराधी को जेल पहुंचाना है। - सर्वानन टी, पुलिस अधीक्षक, अमेठी अमेठी की कमान अब युवा और सख्त तेवर वाले अधिकारी के हाथ में है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में जिले में अपराधियों पर शिकंजा और कसेगा।