लखनऊ: शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
February 06, 2026
लखनऊ । जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 एएनएम, 50 आशा कार्यकर्ताओं एवं पांच आशा संगिनियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. एन.बी. सिंह ने सभी सम्मानित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता और एएनएम स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और प्रसवपूर्व देखभाल जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में आप सभी की भूमिका से ही स्वास्थ्य सूचकांकों में निरंतर सुधार संभव हो सका है।उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर, नवजात, शिशु एवं बाल मृत्यु दर में आई कमी के पीछे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान है। संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, लोगों को जागरूक करने तथा स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आप सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, डीसीपीएम सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
