लखनऊ:मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण! स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
February 08, 2026
लखनऊ/लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के प्रभावी संचालन एवं आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलाआम का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद वर्मा भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मेले में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा स्टाफ की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए।सीएचसी फरधान अधीक्षक डॉ अमित बाजपेई ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों को सामान्य चिकित्सा परामर्श, जांच एवं उपचार की सुविधा दी जा रही है। मेले के दौरान कुल 20 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जिससे पात्र लाभार्थियों को निशुल्क इलाज का लाभ मिल सके।उन्होंने बताया कि मेले में ब्रेस्ट कैंसर, ओरल कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि समय रहते रोग की पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) से ग्रसित मरीजों का उपचार डॉ संदीप राजवंशी द्वारा किया गया। वहीं एमसीडी एवं तंबाकू सेवन से संबंधित मरीजों की काउंसलिंग एनसीडी काउंसलर दीपक कुमार द्वारा की गई।सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से निःशुल्क जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने की अपील की। उन्होंने अधीक्षक की कार्यप्रणाली की प्रशंसा भी की।
