बीसलपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव एवं विधानसभा 130 की पूर्व प्रत्याशी दिव्या गंगवार ने फर्जी तरीके से मतदाता सूची से वोट काटे जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है। मंगलवार को उन्होंने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले को गंभीर साजिश करार दिया।
दिव्या गंगवार ने आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय के मतदाताओं के वोट कटवाने के उद्देश्य से फॉर्म संख्यादृ7 को कूट रचित तरीके से भरवाया गया है। इसके लिए सुपरवाइजरों व बीएलओ को एक प्रिंटिंग प्रेस से छपवाए गए फर्जी प्रपत्र 100 से लेकर 3000 की संख्या में उपलब्ध कराए गए। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम से वोट कटवाने के लिए आवेदन किए गए हैं, उनके फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज किए गए, जिनका एक ही फोन से सत्यापन दिखाया गया है। संबंधित मतदाता शपथ पत्र देने को भी तैयार हैं कि उन्होंने कभी वोट कटवाने के लिए कोई आवेदन नहीं किया।
दिव्या गंगवार ने एसडीएम नागेंद्र पांडे को ज्ञापन सौंपा, लेकिन उनके आश्वासन से संतुष्ट न होने पर जिलाधिकारी से मिलकर निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि 6 जनवरी 2026 को नई मतदाता सूची जारी होने के बाद भी वोट कटवाने की कोशिशें जारी हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व सपा विधानसभा अध्यक्ष बीडी प्रजापति ने भी आरोप लगाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर व मोबाइल नंबर डालकर वोट कटवाने के लिए फॉर्म जमा किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ी तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। इसी तरह सचिन जायसवाल और अमरीश सिंह के नाम से भी फर्जी आवेदन किए जाने की बात सामने आई है।
प्रेस वार्ता के दौरान चैधरी प्रदीप सिंह पटेल, रूपलाल महातिया, अभि गंगवार सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
