पीलीभीत। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद बिजली बिलों में अनियमितता और किसानों के उत्पीड़न की लगातार मिल रही शिकायतों से खासे नाराज नजर आए। इसी क्रम में उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। विधायक के अचानक कार्यालय पहुंचने से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान विवादों में घिरे जूनियर इंजीनियर (जेई) सुनील वर्मा विधायक को देखते ही कार्यालय से निकलकर चले गए, जिस पर विधायक ने तीखी नाराजगी जताई।
विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने बताया कि उन्हें क्षेत्र के किसानों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बिजली विभाग द्वारा मनमाने ढंग से भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। एक किसान का मात्र 10 हजार रुपये का बिजली बिल बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दिया गया, जिससे किसान मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है। इसी मनमानी के विरोध में जब विधायक किसानों और आम जनता के साथ कार्यालय पहुंचे, तो अधिशासी अभियंता के सामने ही जेई की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त किया।
अधिशासी अभियंता ने स्थिति को संभालने के लिए तत्काल संबंधित जेई को फोन कर विधायक की मौजूदगी की जानकारी दी, लेकिन इसके बावजूद विधायक का आक्रोश कम नहीं हुआ। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि किसानों और गरीबों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने जनता के समक्ष जेई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह गरीबों और किसानों के आशीर्वाद से विधायक बने हैं और उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जेई न केवल वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं, बल्कि फोन करने पर बदतमीजी और धमकी देने से भी नहीं चूकते। विधायक ने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा गरीबों और किसानों की सेवा करना है, लेकिन विभाग के कुछ कर्मचारी लूट-मार में लगे हुए हैं।
अंत में विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पीड़ित किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की अनुशासनहीनता या भ्रष्टाचार सामने आने पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मौजूद किसानों ने विधायक की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए न्याय की उम्मीद ।
