अमेठीः जमीन विवाद में मारपीट, तीन घायल
February 10, 2026
अमेठी। भरेथा गांव में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद हुए विवाद में पहले पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष को कोई चोट नहीं आई है। घायलों में नायिका, दयाराम (उम्र 68 वर्ष) एवं राहुल शामिल हैं। सभी घायल भरेथा गांव, जिला अमेठी के निवासी बताए जा रहे हैं। मारपीट की घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनातनी चल रही थी। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान किया गया होता, तो यह घटना टाली जा सकती थी।
