अमेठीः डीएम की पहल! अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का निर्माण पूर्ण
February 10, 2026
अमेठी। जनपद की खेल प्रतिभाओं को अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के संकल्प ने मूर्त रूप ले लिया है। जिलाधिकारी संजय कुमार चैहान के दूरदर्शी प्रयासों और व्यक्तिगत रुचि के फलस्वरूप, गौरीगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में दो अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का निर्माण पूर्ण हो चुका है। यह परियोजना न केवल जिले की खेल सुविधाओं में विस्तार करेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के शूटिंग मानचित्र पर अमेठी को एक विशिष्ट पहचान भी दिलाएगी। स्टेडियम परिसर में स्थापित यह केंद्र अत्याधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों का एक अद्भुत संगम है। यहाँ दो विशिष्ट श्रेणियों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। 25 मीटर एयर पिस्टल रेंज खुले प्रांगण में तैयार इस रेंज में पाँच उच्च गुणवत्ता वाले टारगेट स्थापित किए गए हैं। यह विशेष रूप से उन खिलाड़ियों के लिए तैयार की गई है जो मध्यम दूरी की स्पर्धाओं में दक्षता प्राप्त करना चाहते हैं। 10 मीटर इंडोर एयर पिस्टल रेंज इसे पूरी तरह वातानुकूलित और कंप्यूटरीकृत स्वरूप दिया गया है। यहाँ 10 इलेक्ट्रॉनिक टारगेट लगाए गए हैं, जो आधुनिक सेंसर प्रणाली से लैस हैं। प्रशिक्षण को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए पूरी रेंज को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ा गया है। फायरिंग लाइन से लेकर टारगेट तक बिछाया गया केबल नेटवर्क और सेंसर सिस्टम गोली चलते ही सटीक स्कोर को लैपटॉप और विशाल डिजिटल स्क्रीन पर प्रदर्शित करेगा। इससे खिलाड़ियों को अपने शॉट की सटीकता और श्ग्रुपिंगश् समझने में तात्कालिक मदद मिलेगी, जो कि एक पेशेवर शूटर के लिए अनिवार्य है। जिलाधिकारी संजय कुमार चैहान ने कहा कि किसी भी खेल में सफलता के लिए बुनियादी ढांचा और सही मार्गदर्शन अनिवार्य है। अमेठी के युवाओं में अद्भुत क्षमता है, और ये शूटिंग रेंज उनके कौशल को वैश्विक मानकों के अनुरूप निखारने का कार्य करेंगी।
