शुकुलबाजार: इश्क की पुरानी आग बनी मौत की वजह: पुराना रिश्ता, नया कत्ल! प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत
February 25, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र में हुए हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार, मृतक का मोबाइल फोन समेत तीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार थाना बाजार शुक्ल में दर्ज मुकदमा संख्या 35ध्26 की विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त सुहेल (23) निवासी पूरे लोहांगी मजरे दक्खिनगांव क्यार तथा अभिषेक पाल (21) निवासी ग्राम मवैया रहमतगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान एक अभियुक्त के पास से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन तथा दूसरे के पास से मृतक का मोबाइल और पंजीकृत मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में मुख्य आरोपी सुहेल ने बताया कि मृतक शाहिद उसकी बहन से बातचीत करता था, जिससे वह रंजिश मान बैठा। इसी विवाद के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तलवार से शाहिद की हत्या कर दी और हथियार को नाले के किनारे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तलवार भी बरामद कर ली। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक बाल अपराधी को भी नियमानुसार निगरानी में लिया गया है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थाना बाजार शुक्ल पुलिस टीम की इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
