अमेठीः सड़क सुरक्षा पर निकाली गई रैली
February 25, 2026
अमेठी। आर.आर. पी.जी. कॉलेज, अमेठी की राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें दिन चयनित ग्राम मंगलपुर, बरियापुर, भरथीपुर एवं बढ़ईपुर में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी डॉ. अनूप कुमार सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने “सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें”, “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएँ”, “नियमों का पालन करें, दुर्घटना से बचें” जैसे प्रेरक नारों के साथ ग्रामों में भ्रमण कर आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को यातायात संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व तथा सावधानीपूर्वक वाहन संचालन के विषय में जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान डॉ. धर्मेन्द्र कुमार वैश्य ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर वक्तव्य देते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता द्विवेदी द्वारा किया गया। विशेष शिविर में स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में कार्यक्रमाधिकारी डॉ. शिखा शुक्ला द्वारा सभी ग्रामवासियों, अतिथियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
