Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः डीएम व एसपी ने महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने पहुँचे बाबा बेलखरनाथ धाम, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश


प्रतापगढ़। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गुरुवार को जिले पौराणिक व प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बेलखरनाथ धाम पहुँचकर पूजा-अर्चना की तथा पर्व की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूमध्सीसीटीवी कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम में लगातार एक पुलिसकर्मी की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जो सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर एवं आसपास की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखे। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने मंदिर स्थित सई नदी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से नदी की गहराई, घाटों की सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने घाटों की स्वच्छता, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से तैयार रहें। 

निरीक्षण के बाद डीएम एवं एसपी ने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन व्यवस्थाओं में अभी कोई कार्य शेष है, उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि पर्व के दिन श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि बाबा बेलखरनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम दर्शन एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल, उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |