अमेठी। थाना पीपरपुर में नियुक्त उपनिरीक्षक रामचेत यादव के निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने पर शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अमेठी सर्वानन टी. ने उन्हें स्टार लगाकर पदोन्नति की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निरीक्षक पद पर पदोन्नति के साथ ही पुलिस विभाग और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने अपेक्षा जताई कि रामचेत यादव अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सर्वानन टी. ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी होती है, जिसे अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ निभाना आवश्यक है। उन्होंने जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और निष्पक्ष कार्यप्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत निरीक्षक रामचेत यादव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस महकमे में इस पदोन्नति को लेकर सकारात्मक माहौल देखा गया। सहयोगियों ने उम्मीद जताई कि निरीक्षक रामचेत यादव अपने अनुभव का लाभ विभाग को देंगे और जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।
