आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बूढ़ी के नगला क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आरटीई एडमिशन प्रोत्साहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बच्चों तथा उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गोंड भी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिक्षा का अधिकार केवल कानून तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हर पात्र बच्चे तक पहुँचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का दाखिला सरकारी अथवा निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत कराकर योजना का लाभ उठाएं।
इस दौरान आरटीई योजना के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गोंड ने बताया कि आरटीई पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कर निजी विद्यालयों में आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों पर बच्चों को प्रवेश दिलाया जा सकता है। इसके लिए एनजीओ और विभागीय आईटी सेल की सहायता भी ली जा सकती है।
एक पहल संस्था के प्रतिनिधि मनीष राय ने बताया कि मेला सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें एक पहल संस्था, स्टेप फॉर फ्यूचर संस्था सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा स्टॉल लगाए गए। यहां बच्चों व अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं, आर्थिक लाभ तथा शिक्षा के अधिकार से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
मेले में एक शिक्षा सहायता बूथ भी लगाया गया, जहां अभिभावकों की समस्याओं का समाधान करते हुए नामांकन हेतु प्रशिक्षण व आवेदन सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चैधरी, अंकित खंडेलवाल, नवीन कुमार, अश्लेष मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
