बीसलपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं-2026 आगामी 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को एजीएम इंटर कॉलेज बिहारी पुर हीरा में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई एवं प्रवेश पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा छात्रों को उनके प्रवेश पत्र वितरित किए गए और परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी गई। विद्यालय परिसर में विदाई समारोह के दौरान भावुक वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर संस्थापक एलपी गंगवार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों ने विद्यालय में पूरे मनोयोग से अध्ययन किया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि छात्र परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही छात्रों का भविष्य संवरता है।
कार्यक्रम में प्रबंधक सर्वेश गंगवार, प्रधानाचार्य पंकज कुमार गंगवार, उपप्रधानाचार्य ओविद प्रकाश शुक्ला, कार्यालय अधीक्षक सुनील कुमार, मनोज कुमार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
