बीसलपुर। थाना दियोरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत दियोहना के गांव दियोहना पिपरैया में बीती रात अज्ञात चोरों ने शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए पीछे की दीवार में नकब लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से लगभग 40 पेटी शराब और 18 हजार रुपये की नकदी चोरी कर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन मूलचंद निवासी जयनगर को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने तत्काल दुकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दियोरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगाए जाने के निशान पाए गए। कुछ ही देर में दुकान मालिक शेर सिंह निवासी मोहल्ला खैरुल्लाशाह पीलीभीत भी मौके पर पहुंचे और चोरी गए सामान की जानकारी जुटाकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि दुकान से 36 प्रतिशत रंगीन शराब की 36 पेटी, 42 प्रतिशत सादा शराब की 4 पेटी तथा बिक्री के लिए रखी गई 18 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। इसके साथ ही चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डिवाइस भी अपने साथ ले गए, जिससे चोरी की पहचान में दिक्कत आ सकती है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि दियोहना पिपरैया स्थित शराब की दुकान में नकब लगाकर चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है और प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
