उन्नाव। जिले के बीघापुर रेलवे स्टेशन से एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में इन्फ्लुएंसर प्रिया पंडित रेलवे पटरी पर खड़े होकर रील बनाती नजर आ रही हैं। रेलवे ट्रैक पर रील बनाना न केवल गैरकानूनी के जानलेवा भी साबित हो सकता है। लेकिन इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रील बना रहे है। जानकारी के अनुसार इन्फ्लुएंसर प्रिया पंडित के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 28.7 हजार फॉलोअर्स हैं। वायरल वीडियो में वह बीघापुर रेलवे स्टेशन की पटरी के पास और कुछ हिस्सों में सीधे पटरी पर खड़ी होकर वीडियो बना रही हैं। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे नियमों के अनुसार, रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म के किनारे या किसी भी प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह का वीडियो बनाना सख्त मना है। ऐसा करना रेलवे अधिनियम का उल्लंघन है और इससे अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। पूर्व में भी बीघापुर स्टेशन पर ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने के कारण लोग बेखौफ होकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
बीघापुर रेलवे स्टेशन पर इन्फ्लुएंसर प्रिया पंडित के वायरल हो रहे वीडियो के बारे में लोगो का कहना है कि इस तरह की रील बनाकर युवाओं को गलत संदेश दिया जा रहा है। कुछ यूजर्स ने रेलवे पुलिस और प्रशासन को टैग कर कार्रवाई की मांग भी की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।वही इस प्रकरण में रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि वीडियो में रेलवे नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वीडियो या रील न बनाएं और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।